भिंड: भिंड में ऐतिहासिक भदावर किला गेट (मुख्य द्वार) के जीर्णोद्धार और पुनर्निर्माण की मांग को लेकर श्रीराम सेना ने नगर पालिका परिषद के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। संगठन ने टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद निर्माण कार्य में हो रही देरी पर नाराजगी व्यक्त की। श्रीराम सेना के पदाधिकारियों का कहना है कि भदावर किला महज एक इमारत नहीं, बल्कि भिंड जिले की सांस्कृतिक विरासत और पहचान का प्रतीक है।
संगठन ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर बताया कि गेट के जीर्णोद्धार के लिए टेंडर प्रक्रिया पहले ही पूरी हो चुकी है, लेकिन निर्माण कार्य अब तक शुरू नहीं हुआ है। लंबे समय से किले के मुख्य द्वार की हालत जर्जर बनी हुई है, जिससे स्थानीय लोगों और पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी रहती है। श्रीराम सेना का कहना था कि भदावर किला जिले की धरोहर है, इसे बचाएं।
