
छतरपुर। नगर में भगवान जगन्नाथ स्वामी की भव्य रथयात्रा श्रद्धा और उत्साह के साथ निकाली गई। रथयात्रा का शुभारंभ जगन्नाथ स्वामी मंदिर से वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ हुआ। यात्रा राम मंदिर, चौक बाजार और बांके बिहारी मंदिर मार्ग सहित नगर के प्रमुख मार्गों से होकर निकली। रास्ते भर श्रद्धालुओं ने भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा की पूजा-अर्चना कर पुष्पवर्षा से रथ का स्वागत किया।
रथयात्रा के दौरान पूरा नगर भक्ति के रंग में रंगा नजर आया। श्रद्धालु “जय जगन्नाथ” के जयकारे लगाते हुए भजन-कीर्तन करते चले। वहीं रामराजा व्यायामशाला के युवाओं ने हैरतअंगेज शारीरिक करतब प्रस्तुत कर लोगों का ध्यान आकर्षित किया, जिन्हें दर्शकों ने खूब सराहा।
यात्रा महेंद्र सागर (महेंद्र तालाब) पहुंची, जहां भगवान जगन्नाथ स्वामी का पारंपरिक जल विहार कराया गया। इस धार्मिक अनुष्ठान में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भगवान के दर्शन किए और आशीर्वाद प्राप्त किया।
जल विहार के बाद रथयात्रा बस स्टैंड मार्ग से होते हुए पुनः जगन्नाथ स्वामी मंदिर पहुंची। यहां विशेष पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरित किया गया। पूरे आयोजन के दौरान सैकड़ों श्रद्धालुओं की मौजूदगी से नगर में धार्मिक आस्था और उत्सव का माहौल बना रहा।
