
ग्वालियर। शहर के मुरार थाना क्षेत्र में साइबर ठगों ने सेना के एक कर्नल की पत्नी को अपना शिकार बनाया है। आर्मी कैंट एमएच चौराहा स्थित एसबी कॉलोनी निवासी जूही पाण्डेय (पति सिद्धार्थ मिश्रा) बीती दिल्ली और आगरा यात्रा के लिए गूगल पर होटल सर्च कर रही थीं।
इसी दौरान वे ‘कोर्टयार्ड बायमार’ नामक एक फर्जी वेबसाइट पर पहुंचीं, जो हूबहू असली होटल जैसी दिख रही थी। वेबसाइट पर दिए गए नंबर पर संपर्क करने पर हरीश अग्रवाल नामक व्यक्ति ने उन्हें 5 दिनों का एडवांस पेमेंट 50,090 जमा करने को कहा। पीड़िता ने झांसे में आकर अलग-अलग यूपीआई आईडी पर पैसे ट्रांसफर कर दिए। रकम मिलते ही आरोपी ने नंबर ब्लॉक कर दिया। होटल प्रबंधन से संपर्क करने पर वेबसाइट के फर्जी होने का पता चला। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
