
भोपाल। कोहेफिजा इलाके में सड़क हादसे में रविवार दोपहर एक 70 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई. अज्ञात वाहन की टक्कर से बुजुर्ग को घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई. पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है.
जानकारी के मुताबिक सखाराम कोचले (70) वाजपेयी नगर मल्टी में रहते थे. दोपहर के समय वह अपने घर से निकल कर निजी काम से कोहेफिजा अस्पताल के पास से पैदल गुजर रहे थे. इस दौरान तेज रफ्तार में आ रहे एक वाहन ने सखाराम को चपेट में ले लिया. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे की चपेट में आने से सखाराम बुरी तरह से घायल हो गए और उनके शरीर से खून निकलने लगा. मौजूदा लोगों ने तुरंत ही एंबुलेंस और पुलिस को सूचना दी. गंभीररूप से घायल सखाराम की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई. मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है. अज्ञात वाहन चालक की तलाश में पुलिस जुट गई है.
