
गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ की माता श्रीमती सावित्री देवी का शुक्रवार को उनके पैतृक गांव पंचूर, गढ़वाल में आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन की खबर से गोरखनाथ मंदिर परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। इस दुखद अवसर पर गोरखनाथ मंदिर में शोकसभा आयोजित कर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। शोकसभा में शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा गया कि गोरखनाथ मंदिर और महाराणा प्रताप शिक्षा परिषद से संचालित सभी संस्थाएं इस दुखद समाचार से मर्माहत हैं। परमपिता परमेश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की गई।
गोरखनाथ मंदिर में आयोजित शोकसभा के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता श्रीमती सावित्री देवी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की गई। इसके बाद उनकी आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया। शोकसभा में गोरखनाथ मंदिर परिवार, महाराणा प्रताप शिक्षा परिषद, महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय के पदाधिकारियों, संतों, शिक्षाविदों और कर्मचारियों ने शामिल होकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस दौरान उपस्थित लोगों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। सभी ने ईश्वर से दिवंगत माता सावित्री देवी की आत्मा को शांति प्रदान करने और परिवार को इस कठिन समय में धैर्य एवं संबल देने की प्रार्थना की।
