टीकमगढ़: जिले के दिगौड़ा थाना क्षेत्र के रामनगर गांव में रविवार को दोहरे हत्याकांड से सनसनी फैल गई। गांव निवासी चैनू घोष और उनकी पत्नी ताना घोष की अज्ञात आरोपियों ने कुल्हाड़ी से हमला कर निर्मम हत्या कर दी। दोनों के शव गांव के बाहर सड़क किनारे पड़े मिले, जिसके बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे जमीनी विवाद को कारण माना जा रहा है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
दोहरे हत्याकांड की खबर से रामनगर गांव में भय और तनाव का माहौल है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।
