
नयी दिल्ली 02 सितंबर (वार्ता) युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और आरएसएस की कथित मनुवादी विचारधारा के खिलाफ बुधवार को यहां कनॉट प्लेस के इनर सर्कल में विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने पर्चे फेंके, जिन पर लिखा था “मनुवादी सोच कहां मिलेगी, बीजेपी के दफ्तर में।” प्रदर्शन में भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव और दिल्ली सह-प्रभारी परमजीत सिंह पम्मी समेत दिल्ली प्रदेश युवा कांग्रेस के अन्य कार्यकर्ता शामिल हुए।
इस दौरान युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि छुआछूत एक अपराध है और मनुवादी तथा जातिवादी सोच के खिलाफ उनकी लड़ाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि न्याय, बराबरी का अधिकार और सम्मान हर दलित का हक है और इन अधिकारों के लिए युवा कांग्रेस लगातार आवाज उठाती रहेगी। कार्यकर्ताओं ने भाजपा और आरएसएस पर सामाजिक भेदभाव को बढ़ावा देने वाली विचारधारा का आरोप लगाते हुए कहा कि देश में समानता और सामाजिक न्याय की स्थापना के लिए संघर्ष जारी रहेगा।
