मोदी सरकार के 12 वर्ष: एमपी में भाजपा चलाएगी विशेष अभियान, विधायक करेंगे जनता से सीधा संवाद

भोपाल। भाजपा विधायक दल की बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल तथा राज्यसभा प्रत्याशी तरुण चुघ और रजनीश अग्रवाल ने विधायकों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर चलाए जा रहे अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को अभियान के रूप में जनता तक पहुंचाया जाए। उन्होंने विधायकों से अपने क्षेत्रों में जनकल्याणकारी कार्यों का पखवाड़ा मनाने का आग्रह किया।

प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने बताया कि 5 जून से 21 जून तक प्रदेशभर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। 8 से 14 जून तक जनसंपर्क अभियान, 12 से 18 जून तक ब्लॉक स्तर पर जनकल्याण शिविर, प्राकृतिक खेती कार्यशालाएं और सामूहिक योग कार्यक्रम आयोजित होंगे। उन्होंने सभी विधायकों से अपने विधानसभा क्षेत्रों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा।

प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने कहा कि वैश्विक आर्थिक चुनौतियों के बीच भारत ने 7.7 प्रतिशत जीडीपी वृद्धि दर हासिल कर दुनिया की सबसे तेज़ी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में स्थान बनाया है। उन्होंने अभियान के सभी कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों की भागीदारी पर बल दिया।

क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने कहा कि हर सांसद और विधायक अपने-अपने क्षेत्रों में प्रवास कर जनता से संवाद स्थापित करें तथा प्रभावशाली नागरिकों तक केंद्र सरकार की उपलब्धियां पहुंचाएं।

राज्यसभा प्रत्याशी तरुण चुघ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने विकास, सुशासन, आत्मनिर्भरता और वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकारों ने मध्यप्रदेश की तस्वीर और तकदीर बदलने का काम किया है।

राज्यसभा प्रत्याशी रजनीश अग्रवाल ने पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा ही ऐसा दल है जहां एक साधारण कार्यकर्ता को भी आगे बढ़ने और बड़ी जिम्मेदारियां निभाने का अवसर मिलता है।

बैठक में दोनों राज्यसभा प्रत्याशियों का सामूहिक अभिनंदन किया गया। उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और राजेन्द्र शुक्ल भी उपस्थित रहे। संचालन संसदीय कार्य मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने किया।

Next Post

नवयुगल को उपलब्ध कराओ सुरक्षा राजगढ़ एसपी को हाईकोर्ट ने दिये निर्देश

Sat Jun 6 , 2026
जबलपुर। हाईकोर्ट के जस्टिस आरके वाणी की एकलपीठ ने नवयुगल को सुरक्षा प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। यह जिम्मेदारी पुलिस अधीक्षक राजगढ़ को सौंपी है। दरअसल याचिकाकर्ता राजगढ़ निवासी आरती पाल व सोनू जाट की ओर से दलील दी गई कि आरती व सोनू परस्पर प्रेम संबंध थे। दोनों […]

You May Like