नयी दिल्ली 05 मई (वार्ता) संयुक्त राष्ट्र ने जम्मू कश्मीर में पहलगाम आतंकवादी हमले की निंदा करते हुए कहा है कि भारत और पाकिस्तान को सैन्य टकराव से बचना चाहिए और दोषियों को न्याय के समक्ष लाया जाना चाहिए।
संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोलियो गुटेरेस ने सोमवार देर शाम न्यूयार्क में कहा कि भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव कई वर्षों में अपने उच्चतम स्तर पर है। ऐसी स्थिति में दोनों देशों को सैन्य टकराव से बचना चाहिए।
उन्होंने आतंकवादी हमले के निंदा करते हुए कहा कि नागरिकों को निशाना बनाना अस्वीकार्य है। इसके लिए जिम्मेदार लोगों को विश्वसनीय और वैध तरीकों से न्याय के कटघरे में लाया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा “ मैं 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए भयानक आतंकवादी हमले के बाद की भावनाओं को समझता हूं।
मैं एक बार फिर उस हमले की कड़ी निंदा करता हूं और पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं।”
श्री गुटेरेस ने कहा “ मैं दोनों देशों की सरकारों और जनता का गहरा सम्मान करता हूं तथा उनके प्रति कृतज्ञ हूं तथा संयुक्त राष्ट्र के कार्यों विशेष रूप से संयुक्त राष्ट्र शांति स्थापना के लिए योगदान की सराहना करता हूं।”
संयुक्त राष्ट्र महासचिव ने कहा कि विशेष रूप से इस महत्वपूर्ण समय में सैन्य टकराव से बचा जाए। उन्होंने कहा कि यह टकराव आसानी से नियंत्रण से बाहर हो सकता है। अब अधिकतम संयम बरतने और कगार से पीछे हटने का समय है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के साथ संपर्क बना हुआ है। इसमें कोई संदेह नहीं कि सैन्य समाधान कोई समाधान नहीं है।
उन्होंने कहा कि संयुक्त राष्ट्र किसी भी ऐसी पहल का समर्थन करने के लिए तैयार है जो तनाव कम करने, कूटनीति और शांति के लिए नई प्रतिबद्धता को बढ़ावा दे।
