नयी दिल्ली, 05 मई (वार्ता) भारत ने कनाडा के टोरंटो में आयोजित एक परेड में भारतीय नेतृत्व एवं भारतीय नागरिकों के विरुद्ध धमकी और उकसावे वाले प्रदर्शन के खिलाफ कनाडा के उच्चायोग से कड़ा विरोध जताया है।
सूत्रों के अनुसार विदेश मंत्रालय ने टोरंटो में आयोजित परेड के बारे में नयी दिल्ली में कनाडाई उच्चायोग को भारत की चिंताओं से सबसे मजबूत शब्दों में अवगत कराया है जहां भारतीय नेतृत्व और कनाडा में रहने वाले भारतीय नागरिकों के खिलाफ अस्वीकार्य कल्पनाओं और धमकी भरी भाषा का उपयोग किया गया था।
कनाडा उच्चायोग को सौंपे गए एक दस्तावेज में कहा गया है कि हम एक बार फिर कनाडा के अधिकारियों से भारत विरोधी तत्वों के खिलाफ कार्रवाई करने का आह्वान करते हैं जो घृणा फैलाते हैं और चरमपंथ और अलगाववादी एजेंडे की वकालत करते हैं।
