हाईवे पर मजदूरों से भरी बस लकड़ी के ट्रक में घुसी चालक की दर्दनाक मौत, 18 यात्री घायल

शाजापुर। रोजी रोटी कमाकर अपने घर लौट रहे मजदूरों का सफर देर रात एक बड़े हादसे में तब्दील हो गया. जिले के सुनेरा थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे 52 पर हुए एक भीषण सडक़ हादसे में बस चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि महिलाओं और मासूम बच्चों सहित 18 यात्री घायल हो गए. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया. घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया, जिसे लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं.

जानकारी के अनुसार कमला बस में 50 से 60 मजदूर सवार थे, ये सभी मजदूर इंदौर के सांवेर क्षेत्र में ईंट भट्टों पर काम करने के बाद उत्तर प्रदेश के ललितपुर स्थित अपने गांवों की ओर लौट रहे थे. शुक्रवार रात करीब 1 से 2 बजे के बीच जब अधिकतर यात्री नींद में थे तभी महाकाल ढाबे के पास बस ने आगे चल रहे एक लकड़ी से लदे ट्रक को पीछे से टक्कर मार दी. इस दर्दनाक हादसे में बस चालक मनोहर सिंह निवासी अशोकनगर की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे की सूचना मिलते ही सुनेरा थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने डायल 112 और 108 एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को तुरंत शाजापुर जिला अस्पताल पहुंचाया. जिला अस्पताल में पदस्थ डॉ.विनोद गुर्जर ने बताया कि घायलों में दो गर्भवती महिलाएं भी शामिल हैं. राहत की बात यह है कि सभी 18 घायलों की हालत फिलहाल स्थिर है और उनका इलाज चल रहा है. मृतक चालक के शव को पोस्टमार्टम के लिए सुरक्षित रखा गया है.

 

ट्रक की लकडिय़ां और पुलिस की भूमिका पर उठे सवाल

 

इस हादसे के बाद कुछ संदिग्ध गतिविधियां भी देखने को मिलीं, जिससे कई सवाल खड़े हो रहे है. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रक लकड़ी के गुटकों से भरा हुआ था. हादसे के तुरंत बाद चालक ट्रक लेकर मौके से भाग निकला, लेकिन टक्कर के कारण सडक़ पर भारी मात्रा में लकड़ी के गुटके बिखर गए. स्थानीय लोगों ने दावा किया है कि हादसे के कुछ देर बाद कुछ लोग ट्रैक्टर ट्रॉली और अन्य वाहन लेकर पहुंचे और सडक़ पर बिखरी लकडिय़ों को आनन फानन में भरकर ले गए. इस पूरे घटनाक्रम और लकड़ी के संदिग्ध परिवहन को लेकर पुलिस की भूमिका पर भी सवालिया निशान लग रहे हैं. फिलहाल, पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच और फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है.

 

हादसे में ये हुए घायल…

जिला अस्पताल में भर्ती कराए गए घायलों में रूपेंद्र 30 वर्ष निवासी इंदौर, राजेश 47 वर्ष निवासी अशोकनगर कमला बस पर हेल्पर, देवेंद्र 30 वर्ष निवासी ललितपुर, अर्चना 25 वर्ष पति देवेंद्र निवासी ललितपुर, आशा 25 वर्ष पति धर्मेंद्र निवासी ललितपुर, धर्मेंद्र 30 वर्ष निवासी ललितपुर, किशन 30 वर्ष निवासी ललितपुर, सूत्वती 28 वर्ष पति किशन निवासी ललितपुर, प्रेमबाई 50 वर्ष पति गुलाब निवासी ललितपुर, पालक 7 वर्ष पिता धर्मेंद्र निवासी ललितपुर, माधुरी 5 वर्ष पिता धर्मेंद्र निवासी ललितपुर, रामगोपाल 22 वर्ष पिता जयराम निवासी ललितपुर, प्रदीप 8 वर्ष पिता हरिप्रसाद निवासी ललितपुर, अंगूरी 25 वर्ष पति हरिराम निवासी ललितपुर, हरिराम 28 वर्ष पिता बाबूलाल निवासी ललितपुर, मिथुन 35 वर्ष निवासी बड़ोदिया गुना, मीना 23 वर्ष पति हरिलाल निवासी मोहनपुर, टीकमगढ़, रमाशंकर 16 वर्ष पिता कमलेश निवासी ललितपुर शामिल हैं.

Next Post

दो अलग-अलग हादसों में मासूम सहित दो की मौत

Sat Jun 6 , 2026
रतलाम। जिले में शुक्रवार को हुए दो अलग-अलग हादसों में एक मासूम बालक सहित दो लोगों की मौत हो गई। बाजना थाना क्षेत्र के ग्राम सूरजबड़ला में घर के बाहर बनी पानी की होद में डूबने से 5 वर्षीय संदीप पिता सुनील डोडियार निवासी डाबर की मौत हो गई। पुलिस […]

You May Like