
दमोह: दमोह जिले के लिए गर्व का क्षण है। जिले की बेटी मुस्कान पटेल, पिता श्री सुनील पटेल, ने वर्षों की कड़ी मेहनत और समर्पण के बल पर भारत के प्रतिष्ठित अर्धसैनिक बल असम राइफल्स में खेल कोटे से चयन प्राप्त किया है।राष्ट्रीय स्तर की स्वर्ण पदक विजेता मुस्कान ने कराटे के क्षेत्र में जिला, संभाग, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर अनेक उपलब्धियां हासिल की हैं। खेल प्रतिभा, लगन और निरंतर परिश्रम के दम पर ही उन्हें यह गौरवपूर्ण उपलब्धि मिली है।
विशेष बात यह है कि पूरे भारत में कराटे खिलाड़ियों में से असम राइफल्स में केवल दो बेटियों का चयन हुआ है। इनमें एक मुस्कान पटेल मध्य प्रदेश से तथा दूसरी अरुणाचल प्रदेश से हैं। मुस्कान असम राइफल्स में चयनित होने वाली मध्य प्रदेश की एकमात्र बेटी हैं। अब मुस्कान असम राइफल्स की ओर से खेलकर देश का नाम रोशन करेंगी। उनकी इस उपलब्धि से न केवल परिवार बल्कि पूरा दमोह जिला, प्रदेश और देश गौरवान्वित है।मुस्कान ने बताया कि जब भी उसे मार्गदर्शन एवं सहयोग की आवश्यकता पड़ी, वरिष्ठों और कोच का भरपूर सहयोग मिला।
