कोलकाता, (वार्ता) तृणमूल कांग्रेस ने वरिष्ठ नेता चंद्रिमा भट्टाचार्य को पश्चिम बंगाल प्रदेश तृणमूल कांग्रेस का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है।
यहां कालीघाट स्थित पार्टी मुख्यालय में शुक्रवार को आयोजित तृणमूल कांग्रेस की राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक में संगठन में बड़े बदलाव की घोषणा की गयी।
पार्टी नेताओं ने इस पुनर्गठन को एक बड़ी संगठनात्मक प्रक्रिया का पहला चरण बताया है। राज्य में भविष्य की राजनीतिक चुनौतियों को देखते हुए पार्टी के राज्य और जमीनी स्तर पर संगठनों में कई अहम नियुक्तियां की गई हैं।
बैठक में लिए गए फैसलों की घोषणा करते हुए पार्टी ने कहा कि वरिष्ठ नेता सुब्रत बख्शी राष्ट्रीय कार्यसमिति में उपाध्यक्ष बने रहेंगे, जबकि राज्यसभा सांसद डेरेक ओ’ब्रायन और डोला सेन को राष्ट्रीय संयुक्त सचिव नियुक्त किया गया है। वे पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी की मदद करेंगे।
नयी प्रदेश समिति में साज्दा अहमद, ममता ठाकुर, नयना बंद्योपाध्याय और स्वाति खांडेकर को पश्चिम बंगाल प्रदेश तृणमूल कांग्रेस का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
पार्टी ने प्रदेश महासचिवों की एक नयी टीम की भी घोषणा की। बाबर अली, पुलक रॉय, अशिमा पात्रा, अरूप विश्वास और राजीव बनर्जी को महासचिवों के रूप में जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
प्रदेश इकाई के कार्यकारी सदस्यों के रूप में वरिष्ठ नेताओं ज्योतिप्रिय मल्लिक, डॉ. राणा चटर्जी, विदेश बोस, त्रिनाकुर भट्टाचार्य, जया दत्ता, तापस चटर्जी, वसुंधरा गोस्वामी और गौतम देब को शामिल किया हैं।
बैठक में विभिन्न अनुषांगिक संगठनों में नियुक्तियों को भी अंतिम रूप दिया गया। सायनी घोष तृणमूल युवा कांग्रेस की अध्यक्ष बनी रहेंगी, जबकि मधुरिमा ठाकुर को इसका महासचिव बनाया गया है।
महिला विंग में लोकसभा सांसद माला रॉय को अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। प्रियंका अधिकारी तृणमूल छात्र परिषद की प्रमुख होंगी, जबकि पूर्व श्रम मंत्री मलय घटक को इंडियन नेशनल तृणमूल ट्रेड यूनियन कांग्रेस का अध्यक्ष बनाया गया है। वरिष्इ नेता मदन मित्रा को पार्टी के हॉकर और भारत सरकार के कर्मचारी सेल की कमान सौंपी गई है। बेचाराम मन्ना किसान विंग के प्रमुख होंगे, जबकि पूर्णेंदु बोस को खेत मजदूर संगठन का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। बिरबाहा हंसदा पार्टी के अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति सेल का नेतृत्व करेंगी।
पार्टी ने अपने मौजूदा प्रवक्ता पैनल को भी बरकरार रखा है, जिसमें चंद्रिमा भट्टाचार्य, कल्याण बनर्जी, मदन मित्रा और कुणाल घोष शामिल हैं। सुभाशीष चक्रवर्ती को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
पार्टी सांसद महुआ मोइत्रा, सुष्मिता देव, मुकुल संगमा और राजेश त्रिपाठी ने बैठक में वर्चुअल सहभागिता की।
पार्टी सूत्रों ने बताया कि पुनर्गठन की प्रक्रिया अभी पूरी नहीं हुई है तथा आने वाले दिनों में और नामों की घोषणा होने की उम्मीद है।
