
भोपाल। मिसरोद थाना पुलिस ने सूने मकानों में चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है. गिरोह के तीन आरोपी पुलिस की गिरफ्त में है. आरोपियों से 15 लाख रुपए की ज्वेलरी सहित अन्य सामान का बरामद किया गया है.
थाना प्रभारी रतन सिंह परिहार ने बताया कि 3 जनवरी को फरियादी स्वावलम्बन पाठक ने उनके घर में हुई चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी. फरियादी ने बताया कि वह नए साल को मौके पर परिवार के साथ नागपुर गए थे. वापस घर पहुंचने पर मेन गेट का ताला टूटा मिला और अंदर का पूरा सामान बिखरा था. घर में रखी ज्वेलरी सहित सभी महंगे सामान चोरी हो गए थे. पुलिस ने मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की.
पुलिस की तहकीकात में सामने आया कि इलाके में 3 संदेही जो जेल से छूट कर आये थे और वह कुछ सोने चांदी के सामान बेंचने की फिराक में बंगरसिया तरफ घूम रहे हैं, सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की. आरोपियों ने पुलिस की पूछताछ में चोरी की घटना को स्वीकार किया और पुलिस ने मौके पर उनसे सभी चोरी का सामान बरामद किया. आरोपियों की पहचान आकाश कुमरे उर्फ कोबरा (22), गोलू उर्फ फूलसिंह (24) और सचिन पटवा उर्फ सच्चू उर्फ रावण (22) निवासी मंडीदीप क रूप में की गई है.
