देहरादून, (वार्ता) जम्मू कश्मीर पुलिस ने पाकिस्तान से जुड़े संदिग्ध आर्थिक लेन-देन के मामले में उत्तराखंड के हरिद्वार की दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक गत 26 मई को हरिद्वार में कलियर कोतवाली इलाके के आसफनगर गांव से सोनम को पाकिस्तान से जुड़े कथित आर्थिक लेन-देन के मामले में गिरफ़्तार करने के बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस ने चार जून को उसकी सहेली पूजा को भी पूछताछ के लिए अपने साथ ले लिया। इन महिलाओं को जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले के निवासी राहुल खान से मिली जानकारी के आधार पर गिरफ्तार किया गया। खान ने जम्मू कश्मीर पुलिस को अपने पाकिस्तान कनेक्शन और हरिद्वार में सोनम एवं पूजा के साथ अपने संबंधों के बारे में बताया। उसे कठुआ ज़िले के लखनपुर पुलिस थाना क्षेत्र से गिरफ़्तार किया गया था। पाकिस्तान से करोड़ों रुपये के आर्थिक लेन-देन में शामिल होने के आरोपी खान ने सोनम की भूमिका का भी खुलासा किया।
हरिद्वार पुलिस के अनुसार खान ने जम्मू कश्मीर पुलिस को बताया कि वह करोड़ों रुपये के अवैध आर्थिक लेन-देन के लिए सोनम के नाम पर एक बैंक अकाउंट चला रहा था। सोनम बदले में तय कमीशन लेकर खान के कहने पर दूसरे राज्यों में पैसे ट्रांसफर करती थी।
हरिद्वार के एक पुलिस अधिकारी ने नाम न बताने की शर्त पर बताया कि हरिद्वार के धनौरी निवासी पूजा ने सोनम की पहचान उमर नाम के एक व्यक्ति से कराई थी, जिसके बाद उसने सोनम का संपर्क खान से करवाया। इससे पहले जम्मू-कश्मीर पुलिस ने सोनम को गिरफ़्तार किया था और अपने साथ ले गई थी। इसके बाद पाकिस्तान से अवैध लेन-देन में सोनम के साथ काम करने वाली एक और महिला की भूमिका की बात सामने आने आयी। इसके बाद बुधवार को जम्मू-कश्मीर पुलिस धनौरी पहुंची और पूजा को हिरासत में ले लिया।
जम्मू-कश्मीर पुलिस ने आगे की जांच के लिए गुरुवार को उसकी ट्रांजिट रिमांड मांगी। ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद उसी दिन देर शाम जम्मू-कश्मीर पुलिस पूजा को आगे की जांच के लिए अपने साथ ले गयी।
हरिद्वार के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने पुष्टि की कि जम्मू-कश्मीर पुलिस की टीम ने पूजा से पूछताछ की और उसे आगे की जांच के लिए अपने साथ ले गयी है।
