बिजली बिल आधा करने के नाम पर मीटर से छेड़छाड़

जबलपुर:अधारताल थाना क्षेत्र में बिजली मीटरों में अवैध रूप से छेड़छाड़ कर सरकार को लाखों रुपये के राजस्व का चूना लगाने वाले एक शातिर जालसाज के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया है।दरअसल बिजली कंपनी के हाईटेक सॉफ्टवेयर से मिले इनपुट के बाद विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में इस पूरे खेल का पर्दाफाश हुआ है। पुलिस को आशंका है कि इस अवैध धंधे के पीछे एक बड़ा गिरोह सक्रिय है, जिसमें कई बाहरी लोग भी शामिल हो सकते हैं। मामले की जांच चल रही है।
पुलिस से मिली जानकारी अनुसार अधारताल शहर जोन कार्यालय में पदस्थ प्रभारी सहायक अभियंता विवेक नेमा 35 वर्ष, निवासी वैशाली परिसर, ग्वारीघाट ने थाने में लिखित शिकायत कर बताया कि बिजली कंपनी के आधुनिक सॉफ्टवेयर के माध्यम से विभाग को कुछ ऐसी लीड्स मिली थीं, जिनसे साफ हो गया था कि क्षेत्र के कुछ बिजली मीटरों के साथ अवैध रूप से छेड़छाड़ की जा रही है।
1500 लेकर काट दिया मीटर का सीटी वायर
विद्युत विभाग की टीम ने सॉफ्टवेयर से मिली जानकारी के आधार पर संजयनगर अधारताल निवासी उपभोक्ता ममता साहू के घर पर दबिश दी। जांच के दौरान टीम के होश उड़ गए जब उन्होंने देखा कि शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाते हुए बिजली मीटर के इनकमिंग फेस का सीटी वायर काटा गया था। ऐसा इसलिए किया गया था ताकि घर में बिजली तो पूरी चले, लेकिन मीटर में वास्तविक खपत रिकॉर्ड न हो सके। जांच दल ने तुरंत मौके पर ही पंचनामा तैयार किया।
उपभोक्ता ने उगला राज, बोला था बिजली बिल कम कर दूंगा
जब बिजली विभाग के अधिकारियों ने महिला उपभोक्ता से सख्ती से पूछताछ की, तो उसने इस पूरे रैकेट के मुख्य मोहरे का नाम उगल दिया। उपभोक्ता ने बताया कि नई बस्ती गाजीनगर गोहलपुर निवासी कुतुबुद्दीन अंसारी उर्फ बबलू ने उससे संपर्क किया था। बबलू ने झांसा दिया कि मैं मीटर में ऐसी सेटिंग कर देता हूं जिससे बिजली का बिल बहुत कम आएगा। इस काम के बदले उसने 1500 लिए, मीटर को खोलकर उसके साथ छेड़छाड़ की और उसे वापस दीवार पर टांग दिया। अधारताल थाना पुलिस ने आरोपी कुतुबुद्दीन अंसारी उर्फ बबलू के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
बड़े नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस और विद्युत कंपनी के आला अधिकारियों का मानना है कि यह मामला सिर्फ एक मीटर तक सीमित नहीं है। आरोपी बबलू ने क्षेत्र के कई अन्य घरों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में भी इसी तरह मीटरों से छेड़छाड़ की होगी। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि इस नेटवर्क में कौन कौन शामिल हैं।

Next Post

मोबाइल हैक कर खाते से उड़ाए 1.94 लाख

Sat Jun 6 , 2026
जबलपुर: कैंट थाना क्षेत्र में शातिर जालसाज ने मोबाइल हैक कर बैंक खाते से 1, 94, 500 पार कर दिए। पुलिस ने शिकायत की लंबी जांच के बाद अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, राजीव गांधी नगर कटंगा निवासी मोहम्मद […]

You May Like