जबलपुर: कैंट थाना क्षेत्र में शातिर जालसाज ने मोबाइल हैक कर बैंक खाते से 1, 94, 500 पार कर दिए। पुलिस ने शिकायत की लंबी जांच के बाद अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, राजीव गांधी नगर कटंगा निवासी मोहम्मद खान (43) का पंजाब नेशनल बैंक में बचत खाता है।
जब मोहम्मद खान अपने घर पर मोबाइल देख रहे थे, तभी उनके फोन पर 95,000 कटने का एक मैसेज आया। अनजान मैसेज को देखते ही उनके होश उड़ गए। वह तुरंत सदर स्थित पंजाब नेशनल बैंक की शाखा पहुंचे और खाते की जानकारी ली। बैंक से निकाली गई ट्रांजैक्शन डिटेल ने पीड़ित को चौंका दिया। जालसाजों ने यूपीआई के जरिए खाते में सेंध लगाई थी। पहली किस्त में खाते से 95,500 निकाले गए। दूसरी किस्त में 99,000 उड़ा लिए गए।
फर्जी नामों का हुआ इस्तेमाल
पीड़ित मोहम्मद खान ने कैंट थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। जांच के दौरान यह बात सामने आई कि रुपयों को ट्रांसफर करने के लिए नूरजहां और फरकन अहमद नामक फर्जी नामों और खातों का इस्तेमाल किया गया है। कैंट पुलिस ने पीड़ित मोहम्मद खान की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
