विदेशी मुद्रा भंडार 93.8 करोड़ डॉलर बढ़ा

मुंबई, 05 जून (वार्ता) देश का विदेशी मुद्रा भंडार गत 29 मई को समाप्त सप्ताह में 93.8 करोड़ डॉलर बढ़कर 682.321 अरब डॉलर पर पहुंच गया।

इससे पहले, लगातार दो सप्ताह में विदेशी मुद्रा का देश का भंडार 15.6 अरब डॉलर घटा था। गत 22 मई को समाप्त सप्ताह में इसमें 7.511 अरब डॉलर की गिरावट दर्ज की गयी थी।

रिजर्व बैंक द्वारा शुक्रवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, 29 मई को समाप्त सप्ताह में स्वर्ण भंडार 2.186 अरब डॉलर घटकर 112.60 अरब डॉलर रह गया। यह पांच महीने का इसका निचला स्तर है।

विदेशी मुद्रा परिसंपत्तियों में आलोच्य सप्ताह में 3.116 अरब डॉलर की वृद्धि दर्ज की गयी। यह 29 मई को 546.148 अरब डॉलर पर रहा। इसमें अमेरिकी डॉलर के अलावा जापानी येन, यूरो और ब्रितानी पाउंड को भी शामिल किया जाता है। इनके मूल्य का आंकलन डॉलर के मुकाबले संदर्भ दर के आधार पर किया जाता है।

विदेशी मुद्रा भंडार के अन्य घटकों में अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष के पास आरक्षित निधि 80 लाख डॉलर बढ़कर 4.826 अरब डॉलर पर रहा। विशेष आहरण अधिकार 18.747 अरब डॉलर पर लगभग स्थिर रहा।

रिजर्व बैंक के गवर्नर संजय मल्होत्रा ने आज सुबह जारी बयान में कहा था कि विदेशी मुद्रा भंडार के मामले में भारत अच्छी स्थिति में है।

 

Next Post

कैफे पर विवाद बना खूनी खेल, युवक को घेरकर चाकुओं से गोदा 

Fri Jun 5 , 2026
इंदौर. द्वारकापुरी क्षेत्र के विदुर नगर में गुरुवार रात करीब 12 बजे कैफे पर हुए विवाद में एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई. चार बदमाशों ने पहले उसके दोस्तों के साथ मारपीट की और फिर युवक को घेरकर चाकू व डंडों से ताबड़तोड़ हमला किया. गंभीर हालत […]

You May Like