कैफे पर विवाद बना खूनी खेल, युवक को घेरकर चाकुओं से गोदा 

इंदौर. द्वारकापुरी क्षेत्र के विदुर नगर में गुरुवार रात करीब 12 बजे कैफे पर हुए विवाद में एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई. चार बदमाशों ने पहले उसके दोस्तों के साथ मारपीट की और फिर युवक को घेरकर चाकू व डंडों से ताबड़तोड़ हमला किया. गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. पुलिस ने चार आरोपियों को हिरासत में लिया है.

मृतक की पहचान क्रिश पिता मुकेश श्रीवास्तव निवासी विदुर नगर के रूप में हुई है. घटना 60 फीट रोड स्थित एक कैफे पर हुई. थाना प्रभारी मनीष मिश्रा ने बताया कि आरोपी अंकित पाल, अनिकेत पाल, गौरव काला और शिवा उर्फ शिवम पाल बाइक से मौके पर पहुंचे थे. आते ही विवाद शुरू किया और मारपीट करने लगे. इसके बाद आरोपियों ने चाकू और डंडों से क्रिश पर हमला कर दिया. घटना के समय क्रिश अपने दोस्तों चेतन और आदर्श के साथ बैठा था. हथियार निकलते ही दोनों जान बचाकर भाग गए, जबकि आरोपियों ने क्रिश को घेरकर हमला कर दिया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल भेजा, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. मामले की जानकारी मिलते ही एडिशनल डीसीपी दिशेष अग्रवाल, एसीपी शिवेंदु जोशी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की. देर रात चारों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है. इनमें गौरव पर चार और अंकित पर दो आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं. वहीं जांच में अन्य आरोपियों के नाम भी सामने आ सकते हैं. प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग का विवाद सामने आया है. बताया जा रहा है कि इसी बात को लेकर पहले भी दोनों पक्षों में विवाद हो चुका था. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.

Next Post

रोटावेटर में फंसने से किसान की दर्दनाक मौत, खेत में जुताई करने के दौरान हुआ हादसा

Fri Jun 5 , 2026
​सौसर। सौसर के ग्राम देवली में शुक्रवार शाम एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। यहाँ खेत में जुताई करने के दौरान रोटावेटर की चपेट में आने से मोहगांव निवासी 40 वर्षीय किसान गणेश, पिता देवराव कलम्बे की दर्दनाक मौत हो गई। *​काम के दौरान हुआ हादसा* ​प्राप्त […]

You May Like