भीषण गर्मी से राहत के लिए नपा के नवाचार

बड़वानी। शहर में बढ़ते तापमान और भीषण गर्मी को देखते हुए नगरपालिका परिषद ने नागरिकों और आगंतुकों की सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। शहर के प्रमुख एवं व्यस्त क्षेत्रों में आमजनों को शुद्ध और शीतल पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 22 स्थानों पर राजन शेड के साथ प्याऊ स्थापित किए गए हैं। इन प्याऊ से नागरिकों को सहज और नि:शुल्क पेयजल उपलब्ध हो रहा है। साथ ही शहर के प्रमुख 5 स्थानों पर वाटर एटीएम भी लगाए गए हैं।

शहर के श्रीराम चौक और रणजीत चौक पर पहली बार आधुनिक मिस्ट कूलिंग सिस्टम प्रारंभ किया है। इस प्रणाली से सूक्ष्म जल कणों की फुहारों का छिडक़ाव कर आसपास के वातावरण को ठंडा रखा जा रहा है। इससे राहगीरों, वाहन चालकों और आम नागरिकों को गर्मी से बड़ी राहत मिल रही है। शहर की सुंदरता और शीतल वातावरण के लिए कारंजा चौराहा और रणजीत चौक स्थित फव्वारों को भी फिर से शुरू कर दिया है। नागरिकों को आकर्षक और सुखद वातावरण मिल रहा है।

नपा ने इस वर्ष पर्यावरण संरक्षण व हरियाली बढ़ाने के लिए बड़ा लक्ष्य निर्धारित किया है। विगत वर्ष जहां 10000 पौधे लगाने का लक्ष्य था, वहीं इस साल इसे साढ़े 3 गुना बढ़ाकर 35000 कर दिया है। 1 से 30 जून तक आयोजित होने वाले श्लोक कल्याण मेले अंतर्गत इस वृहद पौधरोपण अभियान को गति दी जाएगी। नपा के तहत आने वाली सभी कॉलोनियों के हैंडओवर उद्यानों में ये पौधे रोपे जाएंगे। इसके अतिरिक्त, आशाग्राम पहाड़ी और वैष्णोदेवी मंदिर के पास स्थित पहाडिय़ों पर जहां हाल ही में कंटूर अभियान के तहत गड्ढे खोदे गए थे, वहां भी बड़े पैमाने पर पौधरोपण किया जाएगा। इस अभियान के लिए बजट के बजाय निकाय निधि का उपयोग किया जा रहा है।

भविष्य में नगर वन और मियावाकी पद्धति से सघन वन बनाने की योजना है। सीएमओ सोनाली शर्मा ने कहा कि जनहित के नवाचार जारी रहेंगे।

 

बड़े पैमाने पर किया जा रहा है पौधारोपण

 

नपा नागरिकों की सुविधा व जनकल्याण के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। भविष्य में जनहित से जुड़े ऐसे नवाचार व सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती रहेंगी। पर्यावरण सुधार और तापमान को नियंत्रित करने रोटरी और प्रमुख मार्गों पर बड़े पैमाने पर पौधरोपण भी किया जा रहा है।

सोनाली शर्मा, सीएमओ नपा बड़वानी

Next Post

ई टिकट बुक कर अतिरिक्त राशि में बेच रहा था कैफ़े संचालक, गिरफ्तार 

Thu Jun 4 , 2026
जबलपुर। रेलवे टिकटों की कालाबाजारी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) जबलपुर ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक साइबर कैफे संचालक को गिरफ्तार किया है आरोपी पर रेलवे ई-टिकटों की अवैध बुकिंग कर उन्हें अतिरिक्त राशि लेकर बेचने का आरोप है आरपीएफ ने […]

You May Like

मनोरंजन