नयी दिल्ली, 04 जून (वार्ता) घरेलू थोक जिंस बाजारों में गुरुवार को चावल का औसत भाव लगभग स्थिर रहा। चावल के साथ चीनी की कीमत भी कमोबेश पिछले कारोबारी दिवस के स्तर पर ही टिकी रही। गेहूं में तेजी देखी गयी जबकि दालों और खाद्य तेलों में घट-बढ़ का रुख रहा। औसत दर्जे के चावल की औसत कीमत 3,857 रुपये प्रति क्विंटल पर लगभग स्थिर रही। गेहूं तीन रुपये महंगा हुआ और 2,785 रुपये प्रति क्विंटल बोला गया। आटे की कीमत भी दो रुपये बढ़ गयी। दाल-दलहनों में मसूर दाल औसतन 10 रुपये प्रति क्विंटल टूट गयी। उड़द दाल 10 रुपये और मूंग दाल पांच रुपये महंगी हो गयी। चना दाल और तुअर दाल के भाव में टिकाव रहा।
मलेशिया के बुरसा मलेशिया डेरिवेटिव एक्सचेंज में अगस्त का पाम ऑयल वायदा 75 रिंगिट गिरकर 4,602 रिंगिट प्रति टन बोला गया। जुलाई का अमेरिकी सोया तेल वायदा भी 0.36 प्रतिशत की गिरावट में 78.43 सेंट प्रति पौंड के भाव बोला गया। स्थानीय बाजारों में सूरजमुखी तेल की औसत कीमत 15 रुपये प्रति क्विंटल गिर गयी। सोया तेल नौ रुपये और सरसों तेल आठ रुपये सस्ता हुआ। पाम ऑयल 18 रुपये और वनस्पति सात रुपये महंगा हुआ। मूंगफली तेल में चार रुपये प्रति क्विंटल का टिकाव रहा। मीठे के बाजार में आज गुड़ का औसत भाव पांच रुपये प्रति क्विंटल बढ़ गया। वहीं, चीनी कमोबेश पिछले कारोबारी दिवस के स्तर पर ही पड़ी रही।

