नयी दिल्ली, 03 जून (वार्ता) प्रतिष्ठित 51वें अखिल भारतीय गोस्वामी गणेश दत्त मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट (पंजीकृत) के पूल डी मुकाबले में रवि ब्रदर्स क्रिकेट क्लब ने दिल्ली ब्लूज़ क्रिकेट क्लब को 19 रन से हराकर शानदार जीत दर्ज की।
टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला करने वाली दिल्ली ब्लूज़ सी.सी. के सामने रवि ब्रदर्स सी.सी. ने 18.3 ओवर में 150 रन बनाकर अपनी पूरी टीम गंवा दी। रवि ब्रदर्स की ओर से मयंक गुसाईं ने 19 गेंदों पर महत्वपूर्ण 26 रन बनाए, जबकि शौर्यवीर सिंह ने 27 रन और विवेक जिंदर ने 20 रन का योगदान दिया। दिल्ली ब्लूज़ की ओर से रोहित यादव ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 3.3 ओवर में 20 रन देकर 4 विकेट हासिल किए। विशाल चौधरी और परनीत तिवारी ने भी 2-2 विकेट लिए।
151 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली ब्लूज़ सी.सी. की टीम 18.1 ओवर में 131 रन पर ऑलआउट हो गई। माही सिंह ने संघर्षपूर्ण 35 रन बनाए, जबकि रेवंत राकयान ने 33 रन और श्रेष्ठ यादव ने 27 रन का योगदान दिया, लेकिन रवि ब्रदर्स के गेंदबाजों ने नियमित अंतराल पर विकेट लेकर मैच पर अपनी पकड़ बनाए रखी।
रवि ब्रदर्स की जीत में मयंक गुसाईं ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 24 रन देकर 3 विकेट झटके। उनके अलावा जयंत और अंकित भड़ाना ने भी 3-3 विकेट लेकर दिल्ली ब्लूज़ की बल्लेबाजी को पूरी तरह बिखेर दिया।
गोस्वामी गणेश दत्त मेमोरियल सोसायटी (पंजीकृत) के आयोजन सचिव गौरव सरीन एवं टूर्नामेंट सचिव तरविंदर खन्ना द्वारा पुरस्कार प्रदान किए गए।) मैन ऑफ द मैच: मयंक गुसाईं (26 रन एवं 3 विकेट),फाइटर ऑफ द मैच: रोहित यादव (20 रन देकर 4 विकेट)
