छतरपुर। झांसी-खजुराहो फोरलेन पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में घायल हुए पुलिसकर्मी की इलाज के दौरान मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, पन्ना जिले के रहने वाले उत्तम सिंह गौड़ बीते शुक्रवार को बाइक से विदिशा जा रहे थे। यात्रा के दौरान झांसी-खजुराहो फोरलेन पर अचानक एक कुत्ता सड़क पर आ गया, जिसे बचाने के प्रयास में उनकी बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। हादसे में उत्तम सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।
राहगीरों ने तत्काल उन्हें छतरपुर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत देखते हुए झांसी रेफर कर दिया। झांसी से ग्वालियर मेडिकल कॉलेज ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। शनिवार, 25 अक्टूबर को दोपहर करीब 1 बजे जिला अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
परिवार को जैसे ही मौत की खबर मिली, घर में मातम छा गया। पुलिस विभाग में भी सहकर्मियों के बीच शोक की लहर दौड़ गई। बताया गया कि मृतक उत्तम सिंह गौड़ अपने परिवार के इकलौते सहारे थे और वे अपनी ड्यूटी पर बेहद ईमानदार और मेहनती पुलिसकर्मी माने जाते थे। उनके असमय निधन से परिजन और साथी पुलिसकर्मी गहरे सदमे में हैं।
