शहडोल: ब्योहारी तहसील कार्यालय के एक कर्मचारी के लोकायुक्त ट्रैप में पकड़े जाने के बाद कलेक्टर केदार सिंह ने ब्योहारी के एसडीएम और तहसीलदार को उनके पदों से हटाकर कलेक्ट्रेट से संबद्ध कर दिया है।सूत्रों के अनुसार कलेक्टर केदार सिंह ने प्रशासन की छवि प्रभावित होने के मद्देनजर एसडीएम ब्योहारी भागीरथी लहरे और तहसीलदार ब्योहारी राजकुमार कोल को तत्काल प्रभाव से उनके पदों से हटाकर शहडोल कलेक्ट्रेट में अटैच कर दिया है।
उल्लेखनीय है कि हाल ही में रीवा लोकायुक्त पुलिस ने ब्योहारी एसडीएम न्यायालय में लंबित एक प्रकरण से जुड़े मामले में बाबू लल्लू प्रजापति को 75 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया था। आरोप है कि संबंधित प्रकरण में निर्णय प्रभावित करने के लिए रिश्वत की मांग की गई थी। लोकायुक्त की कार्रवाई के बाद जिला प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए यह प्रशासनिक कदम उठाया है।
