सारनी। शोभापुर क्लब कॉलोनी में आपसी विवाद के बाद गली में खड़ी मोटरसाइकिल को आग के हवाले कर दिया गया जिससे बाइक पूरी तरह जलकर खाक हो गई। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से कॉलोनी में दहशत है। वार्डवासियों ने पुलिस प्रशासन से इलाके में हो रही अवैध शराब बिक्री पर रोक लगाने की मांग की है। वार्ड के लोगों ने बताया कि कॉलोनी की एक झोपड़ी में लंबे समय से अवैध रूप से शराब बेची जा रही है। रोजाना दर्जनों शराबी-नशेड़ी यहां जमावड़ा लगाते हैं। नशे में गाली-गलौज, मारपीट और हंगामा आम बात है। जब शराबियों के दो गुटों में विवाद हुआ, उसके बाद एक पक्ष ने गुस्से में गली में खड़ी बाइक में आग लगा दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी तेजी से फैली कि जब तक लोग पानी लेकर दौड़े, बाइक पूरी तरह जल चुकी थी। गनीमत रही कि आग से कोई जनहानि नहीं हुई।वार्डवासियों का कहना है कि इलाके में अवैध शराब बिक्री के कारण आए दिन विवाद होते हैं। लोगों ने पाथाखेड़ा पुलिस से अवैध शराब बिक्री पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। पाथाखेड़ा चौकी प्रभारी मनोज उईके ने बताया कि बाइक आगजनी की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। मौका निरीक्षण किया गया है। आगजनी का मामला दर्ज कर पूछताछ की जा रही है। बाइक मालिक और आग लगाने वाले की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
