भोपाल। सिंहस्थ-2028 के सफल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित आयोजन को सुनिश्चित करने के लिए मध्यप्रदेश पुलिस ने राज्यव्यापी प्रशिक्षण अभियान शुरू कर दिया है। करोड़ों श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों और इकाइयों में पदस्थ पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रारंभ किया है।
उप पुलिस महानिरीक्षक (कानून-व्यवस्था) तरुण नायक ने बताया कि पुलिस लाइन उज्जैन में 22 अप्रैल से 15 मई 2026 तक आयोजित “ट्रेनिंग ऑफ ट्रेनर्स” (टीओटी) कार्यक्रम में चयनित अधिकारियों और कर्मचारियों को मास्टर ट्रेनर के रूप में प्रशिक्षित किया गया था। अब यही प्रशिक्षित अधिकारी अपने-अपने जिलों में पुलिस बल को प्रशिक्षण प्रदान करेंगे।
पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी प्रशिक्षण कैलेंडर के अनुसार जून से दिसंबर 2026 तक 20 बैचों में प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किया जाएगा। इसमें जिला पुलिस, विशेष सशस्त्र बल, रेडियो शाखा, विशेष शाखा, पुलिस प्रशिक्षण संस्थानों तथा होमगार्ड के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल होंगे। उद्देश्य सिंहस्थ में तैनात होने वाले लगभग पूरे पुलिस बल को समयबद्ध और व्यापक प्रशिक्षण प्रदान करना है।
प्रशिक्षण में कानून-व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन, आपदा प्रबंधन, अभिसूचना संकलन, वीआईपी सुरक्षा, आतंकवाद-रोधी तैयारियां, चिकित्सा आपातकालीन सहायता, सोशल मीडिया प्रबंधन तथा आधुनिक निगरानी प्रणालियों जैसे विषय शामिल किए गए हैं। बम निरोधक दस्ता, क्विक रिस्पांस फोर्स, स्पेशल टास्क फोर्स और होमगार्ड के विशेषज्ञ अधिकारी भी प्रशिक्षण देंगे।
प्रशिक्षण की गुणवत्ता और एकरूपता बनाए रखने के लिए लाइव वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की व्यवस्था की गई है, जिससे वरिष्ठ अधिकारी और विषय विशेषज्ञ ऑनलाइन माध्यम से भी प्रशिक्षण सत्रों में भाग ले सकेंगे। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि यह पहल सिंहस्थ-2028 के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
