जबलपुर: संजीवनीनगर अंतर्गत अंधमूक बाईपास फ्लाईओवर पर पांच शातिर बदमाशों ने एक युवक को घेरकर कट्टा और चाकू की नोंक पर लूट लिया। बदमाशों ने पीड़ित से चांदी की चेन और नकदी लूटने के बाद जबरन उसके मोबाइल से ऑनलाइन रुपए ट्रांसफर कराए और साक्ष्य मिटाने के लिए डरा-धमकाकर एक वीडियो भी रिकॉर्ड किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी अनुसार माढ़ोताल आईटीआई के सामने निवासी पुष्पेंद्र पटेल (32) अपने ग्राम सेमरा स्थित खेत गए थे। देर रात वह अपने बजाज चेतक स्कूटर से घर लौट रहे थे। जैसे ही वह अंधमूक बाईपास फ्लाईओवर पर पहुंचे, तभी बिना नंबर की एक्सिस स्कूटी पर सवार तीन बदमाशों ने रास्ता रोक लिया। तीन बदमाशों ने पुष्पेंद्र को घेरा। चाकू दिखाकर गले से चांदी की चेन झपटी और स्कूटर की डिक्की में रखे फसल बिक्री के 20,000 रुपए लूट लिए। वारदात के 5 मिनट बाद ही बजाज पल्सर एमपी 20 जेड एक्स 5693 पर दो और बदमाश वहां पहुंचे। उन्होंने कट्टा अड़ाकर पुष्पेंद्र का मोबाइल छीन लिया। बदमाशों ने पुष्पेंद्र से आनलाइन के जरिए 2,000 रुपए ट्रांसफर करवाए।
हम नपेंगे, तो तुम्हें भी नाप देंगे
इसके बाद पीड़ित को डराकर उसका एक वीडियो बनाया, जिसमें जबरन यह कहलवाया कि यह पैसे मैंने अपनी मर्जी से ट्रांसफर किए हैं और बदले में नगद लिए हैं। बदमाशों ने मोबाइल स्क्रीन पासवर्ड और पिन भी पूछ लिया। जाते-जाते धमकी दी कि अगर रिपोर्ट की तो हम नपेंगे, तो तुम्हें भी नाप देंगे।
शोर मचाने पर मोबाइल फेंककर भागे बदमाश-
बदमाश कटंगी बाईपास की तरफ भागने लगे। रास्ते में वे पुष्पेंद्र के खाते से और पैसे ट्रांसफर करने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन असफल रहे। इसी बीच पीड़ित ने शोर मचाते हुए उनका पीछा किया, जिससे डरकर बदमाश मोबाइल रास्ते में ही फेंककर रफूचक्कर हो गए।
