भोपाल: मध्य प्रदेश पुलिस ने उन्नत तकनीक, सीईआईआर पोर्टल, सिटीजन कॉप एप और अन्य साइबर संसाधनों की मदद से पिछले दो सप्ताह के दौरान प्रदेशभर से गुम और चोरी हुए 1,195 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को वापस सौंप दिए।मोबाइल बरामदगी अभियान से रक्षाबंधन के आसपास कई नागरिकों के चेहरे पर खुशी लौट आई। मिशन मोबाइल रिकवरी के तहत विदिशा पुलिस ने करीब 1.10 करोड़ रुपये मूल्य के 537 मोबाइल फोन बरामद किए। वहीं इंदौर पुलिस ने क्राइम ब्रांच और विभिन्न पुलिस जोन की मदद से 352 मोबाइल फोन उनके मालिकों को लौटाए।
आगर मालवा पुलिस ने ऑपरेशन रिंगटोन 2.0 के तहत करीब 24 लाख रुपये मूल्य के 125 मोबाइल फोन बरामद किए, जबकि अशोकनगर पुलिस ने 130 मोबाइल फोन खोज निकाले। अलीराजपुर पुलिस ने विशेष अभियान के दौरान 33 मोबाइल फोन बरामद किए।खरगोन तथा जबलपुर और भोपाल के रेलवे पुलिस क्षेत्रों में भी चोरी और गुम हुए मोबाइल फोन बरामद किए गए। मध्य प्रदेश पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल गुम या चोरी होने पर तत्काल इसकी सूचना दें और सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से आईएमईआई नंबर ब्लॉक कराएं, जिससे मोबाइल की तलाश और बरामदगी में मदद मिल सके।
