चाचा ने दोस्त के साथ मिलकर की भतीजे की हत्या, अंधे कत्ल का खुलासा

भिण्ड: मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले के गोरमी थाना क्षेत्र में करीब 25 दिन से लापता युवक की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए मृतक के चाचा और उसके एक साथी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार सिकरौदा गांव निवासी 20 वर्षीय पिंटू कर्ण पांच मई से लापता था। परिजनों की शिकायत पर 10 मई को गोरमी थाने में गुमशुदगी दर्ज की गई थी। जांच के दौरान पुलिस ने मोबाइल लोकेशन और कॉल विवरण के आधार पर पड़ताल की, जिसमें पिंटू आखिरी बार अपने रिश्ते के चाचा अरविंद कर्ण और उसके मित्र आलोक प्रजापति के संपर्क में पाया गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि लगभग एक वर्ष पूर्व एक विवाह समारोह में पिंटू और अरविंद के बीच विवाद हुआ था। उस दौरान हुई मारपीट की घटना को लेकर अरविंद रंजिश रखे हुए था। उसने पुरानी नाराजगी भुलाने का दिखावा करते हुए भतीजे से फिर नजदीकियां बढ़ाईं और अपने मित्र के साथ मिलकर हत्या की साजिश रच डाली।
जांच के अनुसार घटना के दिन दोनों आरोपी पिंटू को रौन थाना क्षेत्र के इंदुर्खी गांव के पास ले गए, जहां शराब पीने के बाद सुनसान स्थान पर उसकी गला दबाकर हत्या कर दी गई। इसके बाद शव को सिंध नदी किनारे रेत में दबा दिया गया।
पुलिस को मिली सूचना के आधार पर गोरमी और रौन थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने इंदुर्खी क्षेत्र में खुदाई कराई, जहां से युवक का कंकाल बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

Next Post

अमेरिका-ईरान के बीच सैन्य संघर्ष चरम पर: ड्रोन गिराने के जवाब में अमेरिकी जेट्स की भीषण बमबारी, खाड़ी क्षेत्र में युद्ध का अलर्ट

Mon Jun 1 , 2026
वाशिंगटन/तेहरान | मध्य-पूर्व में तनाव उस समय अपने चरम पर पहुँच गया जब ईरान द्वारा अमेरिकी जासूसी ड्रोन को मार गिराए जाने के बाद अमेरिका ने कड़ी सैन्य प्रतिक्रिया दी। सोमवार को अमेरिकी वायुसेना के लड़ाकू विमानों ने ईरान के गोरुक और केश्म द्वीपों को निशाना बनाते हुए भीषण बमबारी की। […]

You May Like