हाथियों ने बुजुर्ग दंपती को कुचलाः देर रात कच्चे मकान में हमला, गांववालों में दहशत

सीधी:जिले के वनांचल क्षेत्र ग्राम पंचायत गाजर के चिनगी गांव में जंगली हाथियों के हमले में एक वृद्ध दंपती की मौत हो गई। घटना रविवार-सोमवार की दरमियानी रात करीब 2 बजे की है। जंगली हाथियों के झुंड ने एक कच्चे मकान को घेर लिया और उसमें सो रहे भैयालाल यादव 60 वर्ष और उनकी पत्नी तिलिया यादव 58 वर्ष पर हमला कर दिया। हाथियों ने मकान तोड़ते हुए दोनों को कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और शवों को उठाने से इंकार करने लगे । उनका आरोप था कि यह हादसा प्रशासनिक लापरवाही का परिणाम है। ग्रामीणों का कहना है कि संजय टाईगर रिजर्व से लगे गांव के कई परिवारों को वन क्षेत्र से विस्थापित किया गया था, लेकिन भैयालाल यादव के परिवार सहित लगभग 40 लोगों को विस्थापन योजना का लाभ नहीं मिला। इसी कारण पूरा गांव खाली नहीं हो पाया और लोग आज भी जंगली हाथियों के खतरे के बीच रहने को मजबूर हैं।

विस्थापन कार्रवाई न होने से नाराज

ग्रामीणों ने विस्थापन के संबंध में प्रशासन और एसडीएम कार्यालय में कई बार आवेदन दिए थे, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। कुछ ग्रामीणों का यह भी कहना है कि उचित मुआवजा न मिलने के कारण कई परिवार विस्थापन के लिए तैयार नहीं हुए। पहले विस्थापन पैकेज की राशि 10 लाख रुपये प्रति व्यक्ति थी, जिसे लगभग 2 वर्ष पूर्व बढ़ाकर 15 लाख रुपए कर दिया गया था। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई । ग्रामीणों का आक्रोश बढ़ता रहा और वे विस्थापन नीति तथा मुआवजे को लेकर जवाब मांगते रहे ।
इनका कहना है
घटना की जानकारी मिलते ही वे मौके के लिए रवाना हो गए । पूरे मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
शैलेश कुमार द्विवेदी, एसडीएम कुसमी

Next Post

अधिवक्ता और भाई को शराब दुकान में बंधक बनाकर किया जानलेवा हमला, हालत गंभीर

Mon Jun 1 , 2026
जबलपुर: माढ़ोताल थाना अंतर्गत चुंगी नाका शराब दुकान में रविवार शाम को प्रिंट रेट से ज्यादा दाम पर बीयर बेचने का विरोध करने पर दुकान के कर्मचारियों ने एक वकील और उनके चचेरे भाई को दुकान के भीतर खींचकर बंधक बना लिया। इसके बाद लोहे की रॉड और लाठी-डंडों से […]

You May Like