
ग्वालियर। माधव विधि महाविद्यालय एवं शोध केंद्र में 16 मई को पूर्व छात्र सम्मेलन पुनर्मिलन समारोह का आयोजन किया जाएगा। आयोजन में महाविद्यालय के लगभग 150 से 200 पूर्व छात्र शामिल होंगे। ग्वालियर सहित प्रदेश एवं देश के विभिन्न शहरों से भी बड़ी संख्या में पूर्व छात्र कार्यक्रम में सहभागिता करने पहुंचेंगे।
महाविद्यालय प्रशासन के अनुसार कार्यक्रम का उद्देश्य पूर्व छात्रों को एक सूत्र में जोडऩा, पुरानी यादों को ताजा करना तथा संस्था के विकास में उनके सहयोग को और मजबूत बनाना है। आयोजन को लेकर महाविद्यालय में तैयारियां अंतिम चरण में हैं। कार्यक्रम का संचालन पांच अलग-अलग सत्रों में किया जाएगा। मुख्य अतिथि द्वारा दीप प्रज्ज्वलन एवं स्वागत उद्बोधन दिया जाएगा। बौद्धिक सत्र में मुख्य वक्ता विद्यार्थियों एवं पूर्व छात्रों को संबोधित करेंगे।
तृतीय सत्र मनोरंजन सत्र रहेगा, जिसमें पूर्व छात्रों के बीच विभिन्न प्रकार के खेल एवं रोचक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसके बाद चतुर्थ सत्र तस्मै श्री गुरुवे नम: आयोजित होगा। जिसमें गुरुजनों का सम्मान कर उनका आशीर्वचन प्राप्त किया जाएगा। कार्यक्रम के अंतिम एवं पंचम सत्र में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी, जिनमें नृत्य, संगीत एवं अन्य रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे।
महाविद्यालय प्रबंधन ने सभी पूर्व छात्रों से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है।
