इंदौर:चंदन नगर क्षेत्र में अलग अलग जगहों से चोरी हुए एक लोडिंग वाहन और दो मोटरसाइकिलों को पुलिस ने बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. आरोपी के कब्जे से जब्त वाहनों की कीमत करीब 6.80 लाख रुपए है. पुलिस के मुताबिक आरोपी नशे की लत पूरी करने के लिए वाहन चोरी करता था.पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि 21 अगस्त को लकड़ी मंडी की नमक वाली गली स्थित एक कारखाने से चोरी हुआ महिंद्रा जीतो लोडिंग वाहन चंदन नगर वाइन शॉप के पास खड़ा है. सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ा. पूछताछ में उसने अपना नाम राजू उर्फ धारा सिंह राठौड़ उम्र 31साल निवासी सिरपुर, चंदन नगर बताया.
पूछताछ में आरोपी ने लोडिंग वाहन चोरी करने के अलावा नावदापंथ ब्रिज के पास जवाहर टेकरी से यामाहा आर-15 और होंडा साइन मोटरसाइकिल चोरी करना भी स्वीकार किया. उसकी निशानदेही पर तीनों वाहन बरामद कर लिए गए. बरामद वाहनों में महिंद्रा जीतो लोडिंग वाहन की कीमत करीब 5 लाख, यामाहा आर-15 की करीब 1.20 लाख और होंडा साइन की करीब 60 हजार रुपए बताई गई है. तीनों वाहनों की कुल कीमत करीब 6.80 लाख रुपए है. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ वाहन चोरी के तीन अलग अलग प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया है. उससे अन्य वाहन चोरी और चोरी की वारदातों के संबंध में पूछताछ की जा रही है. चंदन नगर थाना प्रभारी तिलक करोले ने बताया कि मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी को पकड़ा गया था. पूछताछ में उसने तीन वाहन चोरी करना बताया, जिन्हें बरामद कर लिया है. आरोपी से अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है
