
सीधी ।जिले में नशे के कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार 2.0 के तहत मड़वास पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 3 किलो 722 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत 55 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति अवैध रूप से गांजा लेकर घूम रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी उपनिरीक्षक अतर सिंह के नेतृत्व में टीम ने घेराबंदी कर दबिश दी और आरोपी को धर दबोचा। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुरेन्द्र उर्फ गोलू साहू 23 वर्ष निवासी ग्राम नदहा, थाना मड़वास के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 3.722 किलो गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने मौके पर ही मादक पदार्थ जप्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के विरुद्ध धारा 8/20( बी ) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। पुलिस अब यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपी को गांजा कहां से मिला और इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है।
नशे के सौदागरों पर लगातार प्रहार-
रीवा जोन में चल रहे विशेष अभियान के तहत सीधी पुलिस लगातार अवैध मादक पदार्थों के कारोबारियों पर कार्रवाई कर रही है। हाल के दिनों में हुई लगातार कार्यवाहियां इस बात का संकेत हैं कि पुलिस अब नशे के नेटवर्क की जड़ों तक पहुंचने की कोशिश में है।इस कार्रवाई में सहायक उपनिरीक्षक आरबी सिंह, राजकुमार सिंह, संजय सोनी, प्रधान आरक्षक लालमणि रावत एवं आरक्षक संजय साकेत की भूमिका सराहनीय रही।
