
भोपाल। तलैया थाने में हैदराबाद के विधायक टी. राजा सिंह को दी जा रही धमकियों को लेकर एफआईआर दर्ज कराई गई . जय मां भवानी हिंदू संगठन ने मामले को गंभीरता से लेकर पुलिस में शिकायत की. टी. राजा के भोपाल आगमन एवं प्रस्तावित धर्मसभा को लेकर सोशल मीडिया पर की गई कथित धमकीपूर्ण, आपत्तिजनक एवं भड़काऊ टिप्पणियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है. संगठन के सदस्य आदर्श इनवाते ने मामले की शिकायत पुलिस में की है. हालांक कि जानकारी सामने आई है कि टी.राजा को भोपाल आने की अनुमति नहीं मिल पाई है और इसको लेकर उन्होंने अपना एक वीडियो भी जारी कर अगले महीने भोपाल आने की बात कही है.
तलैया थाने में की गई शिकायत के अनुसार सोशल मीड़िया पर अराज और मोहम्मद आमिर खान ने टी. राजा पर भड़काऊ टिप्पणियां की है. शिकायतकर्ता ने इन टिप्पणियों को न केवल धमकीपूर्ण और आपत्तिजनक बताया है, बल्कि सामाजिक वैमनस्य एवं कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाला भी बताया है. जय मां भवानी हिंदू संगठन का कहना है कि किसी भी जनप्रतिनिधि, धार्मिक वक्ता अथवा नागरिक के विरुद्ध सार्वजनिक मंचों पर धमकी देना, अपमानजनक भाषा का प्रयोग करना तथा समाज में भय और तनाव का वातावरण निर्मित करना गंभीर विषय है. ऐसे कृत्य सामाजिक सौहार्द एवं लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत हैं और इनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई आवश्यक है. भवानी संगठन ने पुलिस द्वारा मामले में त्वरित संज्ञान लेकर एफआईआर दर्ज किए जाने की सराहना की है और मामले में जांच निष्पक्ष एवं प्रभावी ढंग से पूरी कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. संगठन की तरफ से एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा गया है कि जय मां भवानी हिंदू संगठन स्पष्ट करता है कि हिंदू समाज के सम्मान, राष्ट्र की एकता, एवं कानून के शासन की रक्षा हेतु उसका संघर्ष निरंतर जारी रहेगा. समाज में भय, अराजकता और वैमनस्य फैलाने वाले किसी भी असामाजिक तत्वों को कानून के दायरे में लाने के लिए संगठन सदैव प्रतिबद्ध है.
