कॉकरोच जनता पार्टी कोई असामान्य घटना नहीं, यह लोकतंत्र की मजबूती: आरएसएस

नागपुर। सोशल मीडिया पर चर्चा में आई कॉकरोच जनता पार्टी को लेकर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की पहली आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आई है। संघ ने इस मुद्दे को किसी असाधारण राजनीतिक घटना के बजाय भारतीय लोकतंत्र की स्वाभाविक प्रक्रिया का हिस्सा बताया है। आरएसएस के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर ने कहा कि भारत का लोकतांत्रिक ढांचा इतना मजबूत है कि वह हर प्रकार की राय, भावना और विचार को समाहित करने की क्षमता रखता है। नागपुर में पत्रकारों से चर्चा के दौरान आंबेकर ने कहा कि देश में स्वतंत्र और पारदर्शी चुनावी व्यवस्था, खुला मीडिया तथा सोशल मीडिया जैसे मंच मौजूद हैं, जहां नागरिक अपनी बात खुलकर रख सकते हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में नए विचारों, अभियानों या संगठनों का सामने आना कोई आश्चर्य की बात नहीं है, बल्कि यह जनभागीदारी का स्वाभाविक परिणाम है।

आंबेकर ने विशेष रूप से जेन-Z यानी 1997 से 2012 के बीच जन्मे युवाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि देश की नई पीढ़ी को भारत की लोकतांत्रिक संस्थाओं और व्यवस्था पर भरोसा है। उनके अनुसार युवा वर्ग अपनी सोच और आकांक्षाओं को विभिन्न माध्यमों से व्यक्त कर रहा है और लोकतंत्र उन्हें ऐसा करने का पूरा अवसर देता है। संघ के प्रचार प्रमुख ने यह भी रेखांकित किया कि भारत की संस्थाएं मजबूत और सक्षम हैं। मीडिया स्वतंत्र रूप से काम कर रहा है, राजनीतिक दल सक्रिय हैं और लोकतांत्रिक प्रक्रियाएं निरंतर चल रही हैं। ऐसे में किसी भी नए विचार या राजनीतिक अभिव्यक्ति को लोकतांत्रिक विमर्श का हिस्सा मानकर देखा जाना चाहिए, न कि असामान्य घटना के रूप में।
आरएसएस की इस प्रतिक्रिया को सोशल मीडिया और युवाओं के बीच उभर रहे नए राजनीतिक विमर्श पर संघ के दृष्टिकोण के रूप में देखा जा रहा है, जिसमें लोकतांत्रिक संवाद और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को प्रमुख आधार बताया गया है।

.....

Next Post

अपर मिशन संचालक का पत्र बना मुसीबत का सबब

Sat May 30 , 2026
महाकौशल की डायरी अविनाश दीक्षित। जबलपुर में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन में 58 लाख रुपए के घोटाले को लेकर अपर मिशन संचालक (राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, मप्र) के कार्यालय से जारी हुआ पत्र यानि नोटिस जबलपुर स्वास्थ्य विभाग के जिम्मेदारों के लिए मुसीबत का सबब बना हुआ है। कभी सोशल मीडिया में […]

You May Like