नयी दिल्ली 30 मई (वार्ता) कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने शनिवार को दमन और दीव और गोवा राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर वहां के लोगों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी। कांग्रेस अध्यक्ष ने इन क्षेत्रों की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक सौहार्द की भावना और राष्ट्र के विकास में उनके योगदान की सराहना की। श्री खरगे ने सोशल मीडिया एक्स पर अपने संदेश में कहा कि दमन और दीव की समृद्ध सांस्कृतिक विविधता तथा वहां के लोगों की सौहार्दपूर्ण भावना देश की एकता, प्रगति और सामूहिक समृद्धि को लगातार मजबूत कर रही है। उन्होंने स्थापना दिवस के अवसर पर दमन और दीव के नागरिकों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
गोवा राज्य स्थापना दिवस पर बधाई देते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि प्राकृतिक सौंदर्य, जीवंत संस्कृति और सामाजिक सौहार्द से समृद्ध गोवा देश में प्रगति और सांस्कृतिक विरासत का एक उत्कृष्ट प्रतीक है। उन्होंने कहा कि वर्ष 1987 में इसी ऐतिहासिक दिन गोवा ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के नेतृत्व में पूर्ण राज्य के रूप में अपना गौरवपूर्ण स्थान प्राप्त किया था। उन्होंने गोवा के लोगों के लिए शांति, समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए राज्य की निरंतर प्रगति की शुभेच्छा व्यक्त की।

