नयी दिल्ली, 30 मई (वार्ता) लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा है कि हिंदी पत्रकारिता समाज की चेतना, लोकतंत्र की मजबूती और जनभावनाओं की अभिव्यक्ति का सशक्त मंच है। श्री बिरला ने शनिवार को हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर सभी पत्रकारों, लेखकों और हिंदी भाषा के प्रति समर्पित लोगों को हार्दिक शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि हिंदी पत्रकारिता देश में सामाजिक चेतना, लोकतंत्र की मजबूती और जनभावनाओं की अभिव्यक्ति का एक सशक्त माध्यम है।
उन्होंने अपने संदेश में कहा कि हिंदी पत्रकारिता ने समय-समय पर जनजागरण, सामाजिक परिवर्तन और राष्ट्रीय एकता को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने और समाज को जागरूक बनाने में हिंदी मीडिया का योगदान उल्लेखनीय रहा है। लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि बदलते समय और तकनीकी क्रांति के दौर में हिंदी की प्रासंगिकता लगातार बढ़ रही है। आज हिंदी केवल समाचार पत्रों और टेलीविजन तक सीमित नहीं है, बल्कि डिजिटल मीडिया, सोशल मीडिया, कंप्यूटर, इंटरनेट और कृत्रिम बुद्धिमत्ता जैसी नई तकनीकों के माध्यम से करोड़ों लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंच रही है। श्री बिरला ने कहा कि हिंदी में समाचार, विचार और विश्लेषण की बढ़ती स्वीकार्यता इस भाषा की शक्ति, व्यापकता और जनसरोकारों से उसके गहरे जुड़ाव को दर्शाती है। उन्होंने हिंदी भाषा के संवर्धन और लोकतांत्रिक मूल्यों को सशक्त बनाने के संकल्प को और मजबूत करने का आह्वान किया।

