
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज भोपाल स्थित अपने निवास से वर्चुअल माध्यम द्वारा नई दिल्ली के मध्यप्रदेश भवन में आयोजित ‘मध्यप्रदेश उत्सव-2025’ का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मध्यप्रदेश की कला, संस्कृति, पर्यटन, हस्तशिल्प और पारंपरिक समृद्धि को देश की राजधानी में एक ही मंच पर प्रदर्शित किया गया।
मुख्यमंत्री ने उत्सव के आयोजन को राज्य के सांस्कृतिक गौरव और विकास यात्रा का प्रतिबिंब बताते हुए कहा कि मध्यप्रदेश अपनी विविधता, परंपरा और प्रगतिशील दृष्टि से देश में विशिष्ट स्थान रखता है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन प्रदेश की पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर और मजबूत करते हैं तथा निवेश, पर्यटन और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को नया आयाम देते हैं।
उत्सव में प्रदेश के अनेक जिलों की लोक-कला, व्यंजन, हस्तकला उत्पाद और पर्यटन स्थलों को प्रदर्शित किया गया है। कार्यक्रम में दिल्ली स्थित प्रवासी मध्यप्रदेशियों, कलाकारों, जनप्रतिनिधियों और विशिष्ट अतिथियों ने भाग लिया।
