जबलपुर: धान की कनक क्रांति गोल्ड और एमटीयू- 1010 किस्म के बीज की नकली पैकिंग करने पर दो बीज विक्रेताओं के खिलाफ पनागर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है ।जानकारी के अनुसार दिवरी खुर्द, पनागर स्थित आनंद ज्योति प्रिंटिंग प्रेस में कृषि अधिकारियों ने छापेमारी की। जिसमें धान की किस्म कनक क्रांति गोल्ड और एमटीयू- 1010 की अवैध एवं नकली पैकिंग करते पाया गया था।
जांच में पाया गया कि कनक एग्रो सीड्स तेलंगाना के संचालक राजेश कुमार मौर्य और सम्यक सीड्स जबलपुर के संचालक अनिल जैन मिलकर नकली बीज की पैकिंग कर रहे थे। अनिल जैन द्वारा असाटी वेयर हाउस मटियाकुई में अन्य अनाज को धान की किस्म एमटीयू-1010 के नाम से गलत तरीके से पैक किया जा रहा था। उप संचालक कृषि उमेश कुमार कटहरे ने बताया कि इस मामले में बीज निरीक्षक पंकज शर्मा द्वारा पनागर थाने में दोनों आरोपियों राजेश कुमार मौर्य और अनिल जैन के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है
