बैतूल: जिले के चोपना थाना क्षेत्र में तालाब में बिजली का करंट फैलाकर अवैध रूप से मछली पकड़ने के दौरान युवक की मौत के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार 7 मई 2026 को ग्राम झोली-1 और झोली-2 के बीच स्थित आरईएस तालाब में शिवा शाह, विशाल मंडल और बंटी उर्फ सूरज पानी में करंट प्रवाहित कर मछली पकड़ रहे थे। इसी दौरान 20 वर्षीय रूपेश मालाकार करंट की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
आरोपियों ने घटना को छिपाने के लिए झूठी कहानी गढ़ी, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट और गवाहों के बयान से मामला उजागर हो गया। थाना प्रभारी रवि शाक्य के नेतृत्व में गठित टीम ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस ने जलस्रोतों में करंट लगाकर मछली पकड़ने को जानलेवा और गैरकानूनी बताते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
