ग्वालियर: पिछले 22 वर्षों से प्रदेश सरकार द्वारा बाल्मिकी समाज के सफ़ाई कर्मचारियों का आर्थिक, मानसिक और शारीरिक शोषण किया जा रहा है। सफाई कामगारों के साथ हो रहे अन्याय और अत्याचार के विरोध में 10 जुलाई को मुख्यमंत्री निवास का घेराव करने के लिए मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी सफाई मजदूर कामगार प्रकोष्ठ के नेतृत्व में हजारों की संख्या में लोग भोपाल पहुंचेंगे।इसी क्रम में आज जयराज सिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष, मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी सफाई मजदूर कामगार प्रकोष्ठ के नेतृत्व में ग्वालियर नगर निगम में सफाई कामगारों की समस्याओं के संदर्भ में महापौर श्रीमती शोभा सिकरवार को 7 सूत्रीय ज्ञापन दिया गया।
मांगपत्र में कहा गया कि ठेका प्रथा समाप्त की जाए, विनियमित कर्मचारियों को नियमित किया जाए, विभागीय पदोन्नति कर सफाई कर्मचारियों को उनकी योग्यता अनुसार पदों पर समायोजित किया जाए, सफाई कामगार वर्ग के वर्षों से कार्यरत विनियमित कर्मचारियों को साथ में वेतनमान का भी लाभ दिया जाए, वेतनमान के अलावा विनियमित कर्मचारियों के आश्रितों को अनुकंपा नियुक्ति भी दिए जाने की मांग की है।
इसके अलावा कर्मचारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए अन्य बिंदुओं के साथ ज्ञापन दिया गया। महापौर ने काफी सार्थक माहौल में चर्चा की जिसमें महापौर ने सभी सफाई कामगार वर्ग के प्रतिनिधि और साथियों से चर्चा कर आगामी समय में निगम आयुक्त से समस्या निराकरण संबंधी बात करने की आश्वासन दिया। महापौर शोभा सिकरवार ने बाल्मिक समाज के प्रतिनिधिमंडल को उनके अधिकार क्षेत्र की मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया एवं जिन मांगों का मध्य प्रदेश सरकार द्वारा निराकरण किया जाना है, उन्हें शीघ्र मध्य प्रदेश शासन की ओर प्रेषित किया जाएगा।
प्रतिनिधिमंडल में एडवोकेट जयराज सिंह चौहान प्रदेश अध्यक्ष, सफाई मजदूर कामगार प्रकोष्ठ, बादाम उस्ताद वरिष्ठ समाजसेवी, अरविंद चौहान जिला महासचिव जिला कांग्रेस कमेटी, केके चौहान प्रदेश महासचिव, रमेश मोरे जिला अध्यक्ष, देवी पहलवान वरिष्ठ समाजसेवी, रोहित गोहर एवं काफी संख्या में समाजसेवी और सफाई कामगार बंधु उपस्थित रहे। सभी ने महापौर का धन्यवाद ज्ञापित किया। जयराज चौहान ने कहा कि सामाजिक न्याय के लिये संघर्ष ही हमारी पहचान है जब तक जिंदा है तब तक संघर्ष जारी रहेगा।
