अमेरिका-ईरान वार्ता बिना किसी समझौते के समाप्त: वैंस

इस्लामाबाद, 12 अप्रैल (वार्ता) अमेरिकी उपराष्ट्रपति जे.डी. वैंस ने इस्लामाबाद में हुई वार्ता के बाद कहा कि ईरान ने अमेरिका द्वारा प्रस्तावित समझौते की शर्तों को खारिज कर दिया है और अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल बिना किसी समझौते के वापस लौट रहा है। श्री वैंस ने पत्रकारों से कहा कि ईरानी प्रतिनिधिमंडल ने हमारी शर्तों को अस्वीकार करने का फैसला किया है।

उन्होंने कहा कि अमेरिका के लिए मुख्य मुद्दा यह है कि क्या ईरान परमाणु हथियार विकसित नहीं करने की दीर्घकालिक प्रतिबद्धता दिखाने को तैयार है। उन्होंने कहा, “सवाल सीधा है कि क्या हम ईरानियों की ओर से परमाणु हथियार विकसित न करने की कोई ठोस प्रतिबद्धता देख पा रहे हैं, न सिर्फ अभी, न सिर्फ दो साल बाद, बल्कि दीर्घकालिक रूप से। अभी तक तो ऐसा नहीं हुआ है। हमें उम्मीद है कि ऐसा होगा।”

श्री वैंस ने इसे अमेरिकी राष्ट्रपति का मुख्य लक्ष्य करार दिया। उन्होंने कहा कि हालांकि ईरान का परमाणु कार्यक्रम नष्ट हो चुका है, फिर भी भविष्य में परमाणु हथियारों के विकास को रोकने के लिए एक स्पष्ट एवं स्थायी प्रतिबद्धता की आवश्यकता है।श्री वैंस ने कहा कि हालांकि कई महत्वपूर्ण चर्चाएं हुई लेकिन समझौते तक पहुंचने में विफल रहना ईरान के लिए अमेरिका से कहीं अधिक बुरी खबर है।

उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका द्वारा प्रस्तुत प्रस्ताव उसका अंतिम और सर्वोत्तम प्रस्ताव था।

श्री वैंस ने कहा कि हमने अपनी सीमाएं स्पष्ट कर दी हैं कि हम किन बातों पर समझौता करने को तैयार हैं और किन पर नहीं और आगे बताया कि ईरानी पक्ष ने उन शर्तों को स्वीकार नहीं किया। अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल अब बिना किसी समझौते के वापस लौट रहा है।

 

 

Next Post

भजनलाल ने सुबह की सैर के दौरान लोगों से की मुलाकात

Sun Apr 12 , 2026
जयपुर, 12 अप्रैल (वार्ता) राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रविवार को सुबह की सैर के दौरान बच्चों, महिलाओं सहित आमजन से मुलाकात की। श्री शर्मा ने सुबह मुख्यमंत्री निवास के बाहर लोकभवन रोड़ पर टहलते समय वहां घूम रहे लोगों से मुलाकात की। उन्होंने बच्चों से हाथ मिलाया और […]

You May Like