इंदौर:यातायात पुलिस ने 7 दिन के विशेष अभियान में 880 यात्री बसों की जांच कर बड़ी संख्या में खामियां उजागर की हैं. कई बसों में फर्स्ट एड बॉक्स और फायर उपकरण खराब या एक्सपायर मिले.21 से 27 मई तक चलाए गए अभियान में यातायात पुलिस ने शहर के चारों जोन में कार्रवाई करते हुए 880 बसों की जांच की और चालानी कार्रवाई कर जरूरी सुधार करवाए. औसतन हर दिन सवा सौ से ज्यादा बसों पर कार्रवाई की गई और समन शुल्क भी वसूला गया.
जांच में सामने आया कि एक चौथाई से ज्यादा बसों में फर्स्ट एड बॉक्स सही हालत में नहीं थे, जबकि कई बसों में फायर सेफ्टी उपकरण खराब या एक्सपायर पाए गए. यह लापरवाही यात्रियों की सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा मानी जा रही है. अधिकारियों के मुताबिक भले ही विशेष अभियान समाप्त हो गया हो, लेकिन बसों की जांच आगे भी जारी रहेगी. अगली कड़ी में स्कूल खुलने के बाद स्कूल बसों की सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाएगा. वहीं दूसरी ओर रेडिसन चौराहे और रिंग रोड पर लंबी दूरी की बसों का दबाव अभी भी बना हुआ है. सुबह शाम यहां बसों के रुकने और सवारियों को उतारने-चढ़ाने से जाम की स्थिति बन रही है. स्टार चौराहे पर भी यातायात दबाव बढ़ने की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं.
