भोपाल। मुरैना जिले की अम्बाह थाना पुलिस ने तत्परता और तकनीकी दक्षता का परिचय देते हुए सड़क पर गुम हुए छह लाख रुपये बरामद कर फरियादी को सुरक्षित लौटा दिए। पुलिस की इस कार्रवाई से आमजन में भरोसा और मजबूत हुआ है।
पुलिस के अनुसार, चंबल कॉलोनी निवासी योगेंद्र सिंह तोमर ने 19 मई को शिकायत दर्ज कराई थी कि वह अपने पुत्र के साथ मोटरसाइकिल से सेंट्रल बैंक में छह लाख रुपये जमा करने जा रहे थे। रास्ते में पेट्रोल पंप के पास रुपयों से भरे बैग की चेन खुल गई, जिससे नोटों के बंडल सड़क पर गिर गए। पीछे से आ रहे एक बाइक सवार युवक ने रुपये उठाकर फरार हो गया।
मुरैना पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना के निर्देशन में अम्बाह थाना प्रभारी वीरेश सिंह कुशवाह के नेतृत्व में गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी की पहचान कर सात दिन के भीतर पूरी राशि बरामद कर ली।
