इंदौर: लसुड़िया थाना क्षेत्र में ऑपरेशन क्लीन के तहत रात्रि गश्त और शेडो एरिया चेकिंग के दौरान पुलिस ने दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के कब्जे से अवैध धारदार चाकू बरामद हुए हैं. दोनों के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं.पुलिस उपायुक्त जोन 2 अमन सिंह राठौर ने बताया कि अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त अमरेन्द्र सिंह और एसीपी विजयनगर पराग सैनी के मार्गदर्शन में लसुड़िया पुलिस रात गश्त कर संदिग्धों की जांच कर रही थी, इस दौरान एफआरवी 16 और एफआरवी 18 के जवानों ने अरंडिया बायपास और आनंद वाटिका, महालक्ष्मी नगर क्षेत्र में संदिग्ध रूप से घूम रहे दो युवकों की तलाशी ली.
इस दौरान अजय जाधव उम्र 18 साल निवासी बापू गांधी नगर और जतिन शिंदे उम्र 27 साल निवासी स्कीम नंबर 78 के पास से अलग-अलग धारदार चाकू बरामद किए. दोनों के खिलाफ लसुड़िया थाने में आर्म्स एक्ट के तहत अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया. श्री राठौर ने बताया कि अजय जाधव पर हीरानगर थाने में चोरी का केस और लसुड़िया में आर्म्स एक्ट का मामला दर्ज है, जबकि जतिन शिंदे के खिलाफ खजराना थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज है. पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई कर रही है
