साढे 18 लाख छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ हुआ , राहुल ने प्रधान पर किया पलटवार

नयी दिल्ली 28 मई (वार्ता) लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने सीबीएसई परीक्षा में कथित गड़बड़ियों को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान पर जमकर निशाना साधा और आरोप लगाया कि इसकी वजह से साढ़े 18 लाख छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ किया गया है।

श्री गांधी ने कहा , “धर्मेंद्र प्रधान जी, आप मुझ पर जितना हमला करना चाहें कर सकते हैं, लेकिन इससे आपके अपराध कम नहीं होंगे। न ही इससे मैं 18.5 लाख बच्चों के लिए जवाब मांगना बंद करूंगा।” उन्होंने सवाल किया कि सीबीएसई के ओएसएम कॉन्ट्रैक्ट को कॉइम्प्ट कंपनी को क्यों दिया गया, जो अपने पुराने नाम ग्लोबरेना के तहत पहले से विवादों में रही है। उन्होंने पूछा कि यह फैसला किसके आदेश पर लिया गया और कंपनी का बैकग्राउंड चेक क्यों नहीं किया गया। इसके साथ ही उन्होंने कॉइम्प्ट प्रबंधन और मोदी सरकार के बीच संबंधों पर भी सवाल खड़े किए।

उन्होंने कहा , “या तो सरकार ने बैकग्राउंड चेक किया और फिर भी कंपनी को काम दिया, या फिर कोई जांच ही नहीं की गई। दोनों ही स्थितियों में आप जिम्मेदार हैं।” उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि यदि प्रधानमंत्री को वास्तव में छात्रों की चिंता होती, तो लाखों छात्रों का भविष्य खराब करने के लिए वे शिक्षा मंत्री को बहुत पहले ही हटा चुके होते।

इस बीच श्री प्रधान ने श्री गांधी के आरोपों पर प्रतिक्रिया व्यक्त हुए कहा कि सीबीएसई ने इस मामले में अपना जवाब दे दिया है और पूरी प्रक्रिया भारत सरकार की नीति के अनुसार हुई है तथा यदि किसी भी प्रकार की अनियमितता सामने आती है तो किसी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि लगातार चुनावी हार के कारण वह हताश हो गए हैं और “एक अलग मानसिक स्थिति” में दिखाई दे रहे हैं।

Next Post

नगर निगम चुनाव में भाजपा की ऐतिहासिक जीत कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम: सैनी

Thu May 28 , 2026
चंडीगढ़, 28 मई (वार्ता) हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि नगर निगम चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ऐतिहासिक जीत कार्यकर्ताओं की मेहनत, समर्पण और जनता के विश्वास का परिणाम है। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी में भी कार्यकर्ताओं ने लगातार जनसंपर्क कर पार्टी को बड़ी […]

You May Like

Play sound