दिल्ली में घर के सीवेज टैंक की सफाई करते समय मजदूर की मौत की खबर का संज्ञान लिया मानवाधिकार आयोग ने

नयी दिल्ली, 27 मई (वार्ता) राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने पूर्वी दिल्ली के न्यू अशोक नगर इलाके के एक घर में सीवेज टैंक की सफाई करते समय एक मजदूर की मौत और दूसरे के बेहोश होने की खबरों का स्वत: संज्ञान लेते हुए दिल्ली म्युनिसिपल कमिश्नर और पुलिस कमिश्नर को नोटिस जारी करके दो हफ़्ते के अंदर मामले पर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।

आयोग की बुधवार को जारी विज्ञप्ति में 24 मई को हुई इस घटना पर मीडिया की खबरों का हवाला देते हुए कहा है कि घर के मालिक ने एक ठेकेदार को काम दिया था, जिसने दो मजदूरों को काम पर लगाया था। ठेकेदार ने बचाव के लिए साजो-सामान, ऑक्सीजन मास्क या सुरक्षा किट नहीं दी थी।

आयोग का कहना है कि अगर खबरों में उल्लिखित बातें सच हैं, तो यह मानवाधिकार के उल्लंघन का एक गंभीर मुद्दा बनता है। इसलिए, उसने दिल्ली म्युनिसिपल कमिश्नर और पुलिस कमिश्नर को नोटिस जारी करके दो हफ़्ते के अंदर मामले पर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। रिपोर्ट में मामले की जांच की स्थिति और मरने वाले व्यक्ति के निकटतम संबंधी और घायल मजदूर को दिए गए मुआवज़ा मिलने या न मिलने की जानकारी देने को कहा गया है।

इस घटना के बारे में 26 मई को मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों वर्कर टैंक में घुसने के कुछ ही मिनटों में कथित तौर पर बेहोश हो गए। उन्हें हॉस्पिटल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने एक को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे की हालत गंभीर बनी हुई है।

 

 

 

Next Post

गर्मी में बढ़े लोड से विद्युत पोल और डीपी में लग रही आग

Wed May 27 , 2026
दमोह: विगत दिनों से जिले में विद्युत पोलों और डीपी में आग लगने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। बुधवार दोपहर दमोह शहर के सिंचाई कॉलोनी के सामने विद्युत डीपी में आग लगी, वहीं मां बड़ी देवी मंदिर के समीप शाम को डीपी में आग लगी। बिजली विभाग के […]

You May Like