बैतूल में नशे के खिलाफ मुहिम: स्कूल-कॉलेजों का 500 मीटर का दायरा घोषित होगा नो ड्रग जोन

बैतूल: बैतूल जिले में नशे के बढ़ते कारोबार और युवाओं में इसकी बढ़ती लत को देखते हुए जिला प्रशासन ने सभी स्कूलों के 500 मीटर दायरे को ‘नो ड्रग जोन’ घोषित करने का निर्णय लिया है।यह निर्णय कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे की अध्यक्षता में आयोजित जिला स्तरीय समिति की बैठक में लिया गया। बैठक में पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन ने अधिकारियों को स्कूलों और महाविद्यालयों में मादक पदार्थों और कृत्रिम नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए।
शिक्षा विभाग को दिसंबर तक विशेष रोस्टर तैयार कर जिले के सभी विद्यालयों में नशा मुक्ति अभियान संचालित करने के लिए कहा गया है। प्रशासन ने स्कूल परिसरों के आसपास संचालित संदिग्ध गुमठियों और दुकानों की पहचान कर कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए हैं।इस बीच जिले में खुलेआम बिक रहे स्थानीय स्तर पर तैयार किए जाने वाले ‘बैतूलवी गुटखा’ को लेकर भी प्रशासन ने चिंता व्यक्त की है। अधिकारियों के अनुसार गांवों और शहरों में बड़ी संख्या में ऐसी दुकानें संचालित हो रही हैं, जहां सुपारी, तंबाकू और चुने के मिश्रण को पन्नियों में भरकर बेचा जा रहा है।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार यह मिश्रण स्वास्थ्य के लिए अत्यंत हानिकारक है और इसके लगातार सेवन से मुंह का कैंसर, दांत एवं मसूड़ों की गंभीर बीमारियां, गले में संक्रमण तथा अन्य समस्याएं हो सकती हैं।बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों में नशा मुक्ति आधारित खेल गतिविधियों के आयोजन और नशा मुक्ति से जुड़े गैर सरकारी संगठनों के संपर्क नंबर सार्वजनिक स्थानों पर प्रदर्शित करने के निर्देश भी दिए गए। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध नशीले पदार्थों की बिक्री, खेती और तस्करी के खिलाफ विभिन्न विभागों के समन्वय से लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।

Next Post

त्यौहारों को लेकर दमोह पुलिस का फ्लैग मार्च, ड्रोन से होगी निगरानी

Wed May 27 , 2026
दमोह: आगामी त्यौहारों को दृष्टिगत रखते हुए दमोह पुलिस ने 26 मई 2026 की रात शहर के विभिन्न मार्गों से फ्लैग मार्च निकाला. पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी भा.पु.से. के नेतृत्व में यह मार्च अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया और सीएसपी एच.आर. पांडे के साथ निकाला गया.फ्लैग मार्च के दौरान […]

You May Like