
भिंड। आलमपुर में नरसिंह मंदिर के पास स्थित 50 साल पुरानी पानी की टंकी से पेयजल आपूर्ति बंद कर दी गई है। नगर परिषद ने जर्जर हो चुकी इस टंकी को जल्द गिराने का निर्णय लिया है। अब वार्ड 7, 8, 9 और 10 में सीधे बोरिंग से पानी की आपूर्ति की जा रही है। यह टंकी पूरी तरह से जर्जर हो चुकी है। इसके पिलरों में लंबी और चौड़ी दरारें आ गई हैं, सीमेंट उखड़कर गिर रहा है और जंग लगे सरिया स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे हैं। टंकी में कई जगह खरपतवार उग आए हैं, जिससे इसके गिरने का खतरा है। यह पानी की टंकी लगभग 50 साल पहले 1976 में बनी थी, तब आलमपुर ग्राम हुआ करता था। यह टंकी वार्ड क्रमांक सात, आठ, नौ और दस में पाइपलाइन के माध्यम से पानी पहुंचाती थी।
