इंदौर: कनाडिया थाना क्षेत्र के मिलन हाइट्स में शनिवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया. यहां 37 वर्षीय चिराग जैन की उसके ही बिजनेस पार्टनर ने घर के भीतर चाकू मारकर हत्या कर दी. हैरानी की बात यह रही कि वारदात चिराग के नाबालिग बेटे के सामने हुई, जबकि पत्नी उस समय जिम गई हुई थी. मामले में पुलिस ने शव को पोस्टमार्ट के लिए अस्पताल भेज जांच शुरु की.
थाना प्रभारी सहर्ष यादव ने बताया कि घटना लगभग सुबह 6:30 से 7 बजे के बीच होने का अंदेशा है, चिराग अपने बेटे के साथ घर पर था, तभी अचानक डोरबेल बजी. जब उसने दरवाजा खोला तो सामने उसका पार्टनर विवेक कुमार जैन, निवासी बख्तावर रामनगर खड़ा था. विवेक ने अचानक ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया और मौके से फरार हो गया. पूरे घटनाक्रम को चिराग का बेटा देखता रहा. उसी दौरान जब चिराग की पत्नी रुचि जिम से लौटी तो उसने पति को खून से लथपथ हालत में फर्श पर पड़ा देखा.
उसने तुरंत रिश्तेदारों और पड़ोसियों की मदद से चिराग को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. सूचना मिलते ही डीसीपी और एसीपी कुंदन मंडलोई सहित पुलिस अफसर मौके पर पहुंचे. जांच में सामने आया कि चिराग सेनेटरी का कारोबार करता था और उसका अपने पार्टनर विवेक से विवाद चल रहा था. इसी रंजिश के चलते वारदात को अंजाम दिया. पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है, घटना स्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे है.
